वॉशिंगटन, मई। ब्रह्मांड के रहस्यों को समझने की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि सामने आई है। नासा के जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप का उपयोग करते हुए खगोलविदों ने ब्रह्मांड के विशाल छिपे ढांचे — "कॉस्मिक वेब" — का अब तक का सबसे स्पष्ट नक्शा बनाया है।
1.64 लाख आकाशगंगाओं का विश्लेषण
कॉस्मिक वेब वह विशाल जाल है जो आकाशगंगाओं को अंतरिक्ष में आपस में जोड़ता है। विशाल कॉसमॉस-वेब सर्वेक्षण के तहत 1,64,000 से अधिक आकाशगंगाओं का विश्लेषण कर वैज्ञानिकों ने इस ढांचे को उस समय तक खोजा, जब ब्रह्मांड महज एक अरब वर्ष पुराना था।
एक हैरान करने वाली खोज
इसी दौरान वेब टेलीस्कोप ने एक ऐसी विशाल आकाशगंगा भी खोजी है जो बिग बैंग के दो अरब वर्ष से भी कम समय बाद बनी, पर उसमें कोई घूर्णन (रोटेशन) नहीं दिखता। यह विशेषता आमतौर पर बहुत पुरानी और विकसित आकाशगंगाओं में देखी जाती है, जिससे युवा आकाशगंगाओं के बारे में मौजूदा सिद्धांतों को चुनौती मिली है।